Warren Buffett Donated:वॉरेन बफेट ने फिर दिया बड़ा दान, 6 अरब डॉलर के शेयर दान में बांटे

Warren Buffett Donated, 6 अरब डॉलर के शेयर दान में बांटे

दुनिया के मशहूर निवेशक वॉरेन बफेट ने एक बार फिर दरियादिली दिखाई है। उन्होंने अपनी कंपनी बर्कशायर हैथवे के 6 अरब डॉलर (लगभग 50 हजार करोड़ रुपये) के शेयर पांच फाउंडेशनों को दान में दिए हैं। साल 2006 से अब तक वे कुल करीब 60 अरब डॉलर का दान कर चुके हैं।

बफेट ने कहा कि बर्कशायर हैथवे के ये शेयर सोमवार को दिए जाएंगे। यह कंपनी GEICO, डेयरी क्वीन जैसी कई बड़ी कंपनियों की मालिक है। इस बार बफेट लगभग 1 करोड़ 24 लाख क्लास B शेयर दान कर रहे हैं। क्लास B शेयर की कीमत शुक्रवार को 485.68 डॉलर रही।

सबसे बड़ा हिस्सा बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ट्रस्ट को मिलेगा, जिसे 94 लाख शेयर दिए जाएंगे। इसके अलावा सुसान थॉम्पसन बफेट फाउंडेशन को 9.43 लाख शेयर, और शेरवुड फाउंडेशन, हावर्ड जी. बफेट फाउंडेशन और नोवो फाउंडेशन को 6.60 लाख शेयर मिलेंगे।

दान के बाद भी वॉरेन बफेट के पास कंपनी के करीब 13.8 प्रतिशत शेयर हैं। शुक्रवार से पहले उनकी कुल संपत्ति 152 अरब डॉलर थी, जिससे वे दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति थे। अब इस दान के बाद वे छठे स्थान पर आ जाएंगे।

गौरतलब है कि पिछले साल जून में भी उन्होंने 5.3 अरब डॉलर और नवंबर में 1.14 अरब डॉलर अपने पारिवारिक फाउंडेशन को दान किए थे।

अब 94 साल के हो चुके वॉरेन बफेट ने 2006 में अपनी संपत्ति दान करना शुरू किया था। पिछले साल उन्होंने अपनी वसीयत में बड़ा बदलाव करते हुए कहा कि उनकी मृत्यु के बाद बची हुई 99.5 प्रतिशत संपत्ति उनके बच्चों द्वारा संचालित एक चैरिटेबल ट्रस्ट को जाएगी।

बफेट के तीनों बच्चे — सूसी (71), हावर्ड (70) और पीटर (67) — मिलकर अगले 10 साल में इस संपत्ति का सही जगह उपयोग तय करेंगे।

वॉरेन बफेट 1965 से बर्कशायर हैथवे के प्रमुख हैं और ओमाहा, नेब्रास्का से कंपनी का संचालन करते हैं।

Leave a Comment