Shefali Jariwala शेफाली जरीवाला का आकस्मिक निधन: ‘कांटा लगा गर्ल’ और बिग बॉस 13 की स्टार अब नहीं रहीं

शेफाली जरीवाला का आकस्मिक निधन: ‘कांटा लगा गर्ल‘ और बिग बॉस 13 की स्टार अब नहीं रहीं

मुंबई: संगीत वीडियो ‘कांटा लगा’ से घर-घर में मशहूर हुईं अभिनेत्री और रियलिटी शो स्टार शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। गुरुवार देर रात (27 और 28 जून के बीच) आई इस दुखद खबर ने टीवी और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है। उनके प्रशंसक स्तब्ध और दुखी हैं।

कार्डियक अरेस्ट बना मौत की वजह

प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, शेफाली को देर रात अचानक हार्ट अटैक आया। उनके पति और अभिनेता पराग त्यागी उन्हें तीन अन्य लोगों की मदद से मुंबई के बेलव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि आधिकारिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन कार्डियक अरेस्ट को ही प्राथमिक वजह माना जा रहा है।

अस्पताल के बाहर गमगीन माहौल

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पराग त्यागी अस्पताल से निकलते वक्त काफी दुखी और परेशान नज़र आए, उन्होंने मीडिया से बात करने से परहेज किया। वहीं, शेफाली की मां को भी अस्पताल पहुंचते समय बेहद टूटे हुए और बेहोशी की हालत में देखा गया।

इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर

एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोग और प्रशंसक सोशल मीडिया पर भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक्टर अली गोनी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,

“शेफाली जरीवाला के अचानक निधन की खबर से हैरान और दुखी हूं। ज़िंदगी वाकई बहुत अनप्रेडिक्टेबल है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”

‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर हुईं

शेफाली ने 2000 के दशक की शुरुआत में ‘कांटा लगा’ म्यूज़िक वीडियो से जबरदस्त पहचान बनाई थी। उनका बोल्ड और ग्लैमरस अंदाज़ लोगों को खूब भाया और वह रातों-रात स्टार बन गईं। इस वीडियो ने उन्हें ‘कांटा लगा गर्ल’ की उपाधि दिलाई। इसके बाद वह साल 2004 में सलमान खान और अक्षय कुमार की फिल्म मुझसे शादी करोगी में भी नजर आई थीं।

रियलिटी शोज़ में बनाई दूसरी पहचान

बाद में शेफाली ने रियलिटी शोज़ का रुख किया और अपने पति पराग त्यागी के साथ नच बलिए में हिस्सा लिया। लेकिन उन्हें असली चर्चा मिली बिग बॉस 13 में एंट्री से, जहां वह अपने एक्स-बॉयफ्रेंड और दिवंगत अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला के साथ दिखाई दीं। दोनों ने कभी एक-दूसरे के लिए इज़्ज़त बनाकर रखी और शो के दौरान भी यही रवैया दिखाया।

Leave a Comment